Posts

एक और कोशिश

Image
जानती हूं कि आज भी तुम कुछ नहीं बोलोगे नहीं दोगे मुझे कोई जवाब फिर भी करना चाहती हूं एक और कोशिश पूछना चाहती हूं तुमसे कि क्या तुम भी करते हो मुझसे प्यार हां में या न में जो भी हो तुम्हारा जवाब करो तुम मेरा यकीन कभी नहीं कम होगा मेरे दिल में तुम्हारा रुबाब जिंदगी की हर मुश्किल में दूंगी हर पल मैं तुम्हारा साथ हो चाहे मंजिल कितनी भी दूर थामे रहूंगी मैं तुम्हारा हाथ तुम्हारी कमजोरी नहीं तुम्हारी ताकत बनकर हर राह पर खड़ी रहूंगी तुम्हारा हौसला बनकर अगर कहोगे तुम मुझसे कि करो कुछ दिन और इंतजार तो भी फिक्र न करना क्योंकि अपनी रूह में बसाकर तुमसे करती रहूंगी मैं हर सांस के साथ प्यार

...क्योंकि यादें कभी नहीं मरतीं

Image
यादें... कुछ सहमी सी, कुछ ठहरी सी कुछ नाजुक सी, कुछ हल्की सी कुछ मीठी सी, कुछ खट्टी भी सालों से बंद पड़े मन के दरवाजे की कुंडी को हौले से खोलकर दिल में दाखिल होतीं... धीरे से कदम बढ़ातीं, कुछ धूल चढ़ी परतों को फूक मारकर उड़ातीं तुम्हारे चेहरे के हर भाव को आंखों के सामने दोहरातीं मुस्कुराकर कभी कहा था तुमने कि मैं ही हूं तुम्हारा प्यार उस एक पल में पूरी जिंदगी को जी जातीं बचपन में अपने गांव में एक आम के पेड़ पर जो लिखा था मैंने तुम्हारा नाम उसे जेहन में फिर से सजातीं दिल को ये एहसास दिलातीं कि हो जाओ चाहे तुम किसी के भी बिताओ अपनी जिंदगी किसी के साथ लेकिन जब तक हैं ये यादें तब तक तुम हो... मेरे करीब, मेरी सांसों में समाए और रहोगे ताउम्र यूं ही मेरे साथ चलते क्योंकि यादें कभी नहीं मरतीं...

दूरियां

Image
मोहब्बत में दूरियां अहम किरदार निभाती हैं पास आने की ख्वाहिश को हर पल जगाती हैं अपनी चाहत से दूर रहना मुश्किल होता है बहुत पर नजदीकियों की कीमत दूरियां ही बताती हैं दूर रहकर भी रहे ताजी वही सच्ची मोहब्बत है साथ रहने से तो आदत भी प्यार नजर आती है दूरियों की साजिश को समझ कर तो देखो जरा महबूब की हसीं यादों को ये पलकों में छुपाती हैं मोहब्बत में दूरियां अहम किरदार निभाती हैं पास आने की ख्वाहिश को हर पल जगाती हैं

बस भी करो अब तड़पाना

Image
तेरी मोहब्बत ने बनाया है दीवाना हर पल याद आता है तेरा अफसाना कि धीरे से तेरा मेरे आगोश में आना फिर सिमट कर बाहों में छुप जाना दिल से उतरकर धड़कनों में समाना जुल्फों को अपनी मेरे चेहरे पर बिखराना आंखों में मेरी तेरा डूब जाना पलकों को झुकाकर तेरा शरमाना हौले से फिर नजरों को उठाना बिन बोले ही बहुत कुछ कह जाना तेरी हर बात में मेरा जिक्र आना कैसे भूलूं मैं तेरा वो मुस्कुराना कि फिर आ जाओ मेरे पास तुम बस भी करो अब तड़पाना

बस तुम्हारा प्यार

Image
कुछ नहीं चाहिए मुझे सिवाय तुम्हारे प्यार के तुम्हारा प्यार ही है मेरी जिंदगी की आखिरी मंजिल यूं तो कोई कमी नहीं है मेरे जीवन में लेकिन कहीं कुछ अधूरा सा है जो हर पल सालता है मुझे सिर्फ तुम ही कर सकते हो इस अधूरेपन को दूर और मुझे सम्पूर्ण इतनी इल्तजा है मेरी तुमसे कि आ जाओ तुम मेरे पास मैं जीवन भर रहना चाहती हूं तुम्हारे साथ तुम्हारी हर खुशी को अपनी खुशी बनाऊंगी मैं और तुम्हारे हर गम को पूरे दिल से अपनाऊंगी मैं खयाल रखूंगी तुम्हारी हर पसंद-नापसंद का मैं हर वो काम करूंगी जो तुम्हें पसंद हो जानती हूं मैं कि तुम्हें नहीं पसंद कि कोई हर बात पर तुम्हारी हां में हां मिलाए लेकिन ये गुलामी नहीं होगी समर्पण होगा मेरा तुम्हारे लिए इतना प्यार जो करती हूं तुमसे मैं नहीं बनना चाहती महान कि अपने प्यार से दूर रहकर बिता दूं पूरा जीवन मुझे हर दिन तुम्हारा प्यार चाहिए और हर पल तुम्हारा साथ कि सात वचनों, सात फेरों से सात जन्मों के लिए जोड़ना चाहती हूं मैं तुमसे बंधन और तुम्हारी हर सांस से मैं जीना चाहती हूं अपना जीवन

तुम भी करोगे मुझसे प्यार

Image
बहुत प्यार करती हूं मैं तुमसे खुद से भी ज्यादा शायद रह लूं मैं तुमसे दूर भी लेकिन नहीं रहना चाहती मैं तुम्हारे बिना आज मांगना है मुझे तुमसे एक हक क्या तुम मुझे दोगे ये अधिकार कि सुबह आंखें खोलकर जिसको मैं सबसे पहले देखूं वो चेहरा तुम्हारा हो जिसके सीने में छिपने से मुझे हर खुशी मिल जाए वो सीना तुम्हारा हो जिसका साथ पाकर हर मुश्किल से लड़ सकूं वो साथ तुम्हारा हो जिसके कांधे पर सिर रखकर हर गम को पी सकूं वो कांधा तुम्हारा हो जिसके सहारे पूरा जीवन जी सकूं वो प्यार तुम्हारा हो जिसकी बांहो के घेरे में मैं सुरक्षित महसूस करूं वो घेरा तुम्हारा हो मेरी हर सुबह हर शाम पर पहरा तुम्हारा हो बोलो न क्या तुम दोगे मुझे ये हक कि जिसका हाथ थामकर मैं सात फेरे लूं वो हाथ तुम्हारा हो मेरे हर गम हर खुशी हर दिन हर रात हर लम्हे हर पल पर नाम तुम्हारा हो क्या निभाओगे मेरा साथ ताउम्र मेरा हाथ थामकर बनोगे तुम मेरे हमसफर तुम भी करोगे मुझसे प्यार तुम्हारी ‘हां’ के इंतजार में

सांसें चली गर्इं

Image
तेरा मुंतजिर कबसे खड़ा था तेरे इंतजार में तू न आया देख उसकी सांसें चली गर्इं रूह तो निकली नहीं जिस्म से उसके दिल से लेकिन धड़कनें खोती चली गर्इं कतरा-कतरा खून बह रहा है आंखों से आंसू की बूंदें नसों में घुलती चली गर्इं इश्क में तेरे वो जीकर फना हो गया मौत आई और बस छूकर चली गई यादें ही तेरी हैं अब उसके जीने का सहारा बातों की शोखियां तो मिटती चली गर्इं